औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सुंदरीपुर में गुरुवार सुबह एक महिला अंजलि का शव फंदे पर लटका मिला। जानकारी होने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों हत्या की आशंका जाहिर की। पुलिस ने घटना स्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुंदरीपुर निवासी शिवम की शादी एक साल पहले कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के दबौली निवासी अंजलि (21) के साथ हुई थी। वर्तमान में शिवम गुजरात के राजकोट में प्राइवेट नौकरी कर रहा है। पत्नी अंजलि ससुराल में रह रही थी।
गुरुवार की सुबह अंजलि के कमरे से बाहर न निकलने पर ससुर शिवनाथ उसे बुलाने पहुंचे। कमरा न खुलने व कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो बहू का शव फंदे पर लटका मिला।
इस अनहोनी पर परिजन रोने लगे। घटना की जानकारी पर आए मृतका के पिता रामबाबू ने ससुरालवालों पर हत्या की आशंका जाहिर की है। मौके पर पहुंचे एसआई हरीश यादव ने घटना स्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मायके पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।