दिबियापुर। परिवार संग कुंभ गई 50 वर्षीय महिला स्नान के बाद धार में गंगा जल लेने लगी। इस वजह से वह परिवार से बिछड़ गई। गुरुवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर महिला के अन्य परिजन आए। इसकी जानकारी दिबियापुर थाना पुलिस को दी। परिवार के कुछ लोग महिला की तलाश के लिए दोबारा प्रयागराज रवाना हुए। इधर, दिबियापुर थाना पुलिस ने प्रयागराज पुलिस को महिला के लापता होने की सूचना दी।
गांव निरंजनापुर से 28 जनवरी को परिवार व ग्रामीणों के साथ प्रयागराज कुंभ स्नान करने के लिए महिला मिथलेश (50) गई थी। 29 जनवरी को वह घर ले जाने के लिए बोतल में गंगा जल लेने लगी। तभी वह परिवार व ग्रामीणों से बिछड़ गई। वृद्ध महिला को छोड़कर सभी लोग घर वापस आ गए। महिला के न आने से परिजन परेशान हो गए और उन्होंने दिबियापुर पुलिस को सूचना दी। साथ ही महिला की तलाश के लिए दोबारा प्रयागराज चले गए।
दिबियापुर थानाध्यक्ष मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि लापता महिला का भगदड़ से जुड़ा मामला नहीं है। महिला 29 जनवरी को घर वापसी के लिए अपने परिवार के साथ थी। गंगा जल लेने के दौरान वह परिवार से बिछड़ी। प्रयागराज पुलिस को सूचना दे दी गई है। महिला की तलाश की जा रही है।