अस्पताल में रोते-बिलखते मृतक महिला के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी से सैंफई रेफर किया गया। महिला की मौत की सूचना पर परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जालौन के माधौगढ़ निवासी युनिफ पुत्र हिम्मत खां अपनी पत्नी सायरा बानोे(40) के साथ उसके मायके बाबरपुर शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे। अजीतमल हाइवे पर स्थित चौधरी धर्मकांटा के पास सामने आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। बाइक सवार यूनिफ व उसकी पत्नी सायरा बानो तथा दूसरी बाइक पर सवार वीरेंद्र व उसकी पत्नी बसंती देवी निवासी टढ़वा बिकू गंभीर रूप से घायल हो गई।
राहगीरों ने गंभीर हालत में चारों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डाक्टरों ने सायरा बानो को मृत घोषित कर दिया। जबकि बसंती देवी को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। सूचना पर मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था
दोनों बाइकों पर सवार कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। मृत महिला की मौत सिर पर चोट लगने से हुई जबकि दूसरी महिला के भी सिर पर ही गंभीर चोट है। उसकी हालत चिंताजनक बनी है। अगर बाइक पर पीछे बैठी महिला हेलमेट लगाए होती तो जान बच सकती थी।