बिधूना। कस्बे के मोहल्ला सूरजपुर में शनिवार सुबह घर की सफाई करते समय एक बुजुर्ग महिला करंट की चपेट में आने से झुलस गई। परिजन अचेत अवस्था में सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहल्ला सूरजपुर निवासी फूलश्री (62) पत्नी ओमप्रकाश राठौर सुबह करीब सात बजे घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान जमीन पर झाड़ू लगाते समय वह कमरे में रखे पंखे का तार हटाने लगीं, तभी वह करंट के चपेट में आकर झुलस गईं और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आवाज सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और महिला को सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे संजीव राठौर ने बताया कि यह हादसा पंखे के तार में अचानक उतरे करंट की वजह से हुआ। हादसे की जानकारी के बाद दरोगा राजेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।