बेला। थाना क्षेत्र के गांव लुखरदौरा में जिला पंचायत निधि से बन रही सड़क का विरोध किया जा रहा है। बुधवार को हुए विवाद के दौरान एक महिला पर दरांती से हमला कर घायल कर दिया गया। मामले में 24 से अधिक ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीडि़ता ने बताया कि गांव के ओमकार के घर से मुंशीलाल के घर तक जिला पंचायत निधि से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क का गांव निवासी कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। आरोप है कि बुधवार को सुबह करीब 11 बजे उमा देवी से विरोध कर रहे लोगों का विवाद हो गया। इस दौरान एक पड़ोसी ने उमा देवी को दरांती मारकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राॅली से बेला थाना पहुंच गए। उन्होंने हमला करने वाले व सड़क का विरोध करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने सभी को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए वापस भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है।