औरैया। नया साल शुरू होते ही गांव-गांव पंचायत चुनाव की बिसात बिछने लगी है। ऐसे में दावेदार अपनी उम्मीदवारी को पेश भी करने लगे हैं। गणतंत्र दिवस व अन्य पर्वों के शुभकामना संदेश के लिए वह फ्लैक्स का रुख कर रहे हैं। ऐसे में फ्लैक्स का कारोबार में तेजी आई है। कारोबारियों ने इस माहौल को भुनाने के लिए डिस्काउंट से लुभाना भी शुरू कर दिया है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बैलेट पेपर आ चुके हैं। आरक्षण का निर्धारण होना बाकी है। ऐसे में प्रधान, जिला पंचायत सदस्य व बीडीसी को लेकर अभी से लोगों ने दावेदारी करना शुरू कर दिया है। उधर, राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपने कार्यकर्ताओं के संग क्षेत्र में माहौल दिखाना शुरू किया है। गणतंत्र दिवस व अन्य त्योहारों के शुभकामना संदेशों के बैनर पोस्टर बड़े पैमाने पर बनने लगे हैं।
फ्लैक्स की दुकानों पर रात दिन इसे लेकर काम भी चल रहे हैं। लकड़ी व लोहे की अलग-अलग फ्रेमिंग के आधार पर रेट तय किए जा रहे हैं। लकड़ी के फ्रेम से बनाए जा रहे फ्लैक्स की कीमतें साइज के अनुसार हैं। इनकी कीमतें 150 रुपये से लेकर डेढ़ हजार रुपये तक है। वहीं लोहे की फ्रेम की कीमतें तीन सौ रुपये से लेकर चार हजार रुपये तक हैं। फ्लैक्स कारोबारियों ने कारोबार को रफ्तार देने के लिए 10 प्रतिशत का डिस्काउंट भी शुरू कर दिया है। हालांकि यह डिस्काउंट एक मुश्त बैनर पोस्टर के लिए दिया जा रहा है।
-
बोले कारोबारी, बुकिंग शुरू
गणतंत्र दिवस व त्योहारी संदेशों के लिए राजनीतिक लोगों ने फ्लैक्स की बुकिंग कराना शुरू कर दिया है। 10 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
-अर्पित पांडेय
-
साइज के अनुसार बैनर की कीमत ली जा रही है। लोहे की फ्रेमिंग एक हजार से चार हजार तक की है। वहीं लकड़ी की फ्रेमिंग में डेढ़ हजार तक की कीमत चल रही है। रोजाना छपाई चल रही है।
-अजय राजपूत
फोटो-13- अर्पित पांडेय। संवाद