औरैया। शीत लहर के कारण सोमवार सुबह गलन बढ़ गई लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। छतों और पार्कों में बड़ों और बच्चों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। मौसम वैज्ञानिकों ने फिलहाल तापमान स्थिर रहने के आसार जताए हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिन में हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा में नौ से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा और रात में सात से 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं। मौसम में आर्द्रता अधिकतम 87 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक ने दिन में हल्के बादल छाए रहने के साथ हवाओं की गति सामान्य होने की बात कही है।