फोटो-6-देवकली चौराहे पर सांसद को ज्ञापन देते व्यापारी।संवाद
औरैया। उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को ऑनलाइन व्यापार से छोटे व्यापारियों को हो रहे नुकसान को लेकर क्षेत्रीय सांसद को ज्ञापन दिया।
प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में ऑनलाइन व्यापार के अनियंत्रित विस्तार का विरोध किया गया। इस मौके पर सपा सांसद जितेंद्र दोहरे ने आश्वासन दिया कि वह पीएम तक ज्ञापन पहुंचाने के साथ यह मुद्दा लोकसभा में उठाएंगे।
दोपहर करीब एक बजे सांसद देवकली चौराहे पर पहुंचे। यहां पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष राजेश वाजपेई बबलू के नेतृत्व में सांसद को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि वर्तमान समय में ऑनलाइन व्यापार के विस्तार के कारण छोटे व मध्यम व्यापारियों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ऑनलाइन मार्केटिंग के कारण स्थानीय बाजारों को भारी नुकसान हो रहा है।
ज्ञापन देने वालों में संदीप अवस्थी रानू, पप्पू शर्मा, कपिल तिवारी, स्वतंत्र अग्रवाल, भानू राजपूत, आरतीनंदन, सतीश वर्मा, रीतेश गुप्ता, गोपालजी वर्मा व रानू पांडेय आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।