ओमनगर मोहल्ले में रविवार को भारत प्रेरणा मंच की बैठक में नौ से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले शहीद सप्ताह पर मंथन किया गया। शहीद सप्ताह को धूमधाम से मनाने की रूपरेखा तैयार करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।
स्टेट बैंक के प्रबंधक रंजीत सिन्हा व ओमनारायण चतुर्वेदी ने कहा कि सभी के सहयोग से इस कार्यक्रम को भव्य बनाने का प्रयास करेंगे।
संगठन के जिला महासचिव अविनाश अग्निहोत्री ने कहा कि नौ से 15 अगस्त तक फफूंद रोड स्थित श्रीमती मनोरमा महाविद्यालय में शहीद सप्ताह मनाया जाएगा। कार्यक्रम शुरू होने से पहले नौ अगस्त को शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बताया कि इस वर्ष जनपद के शहीद क्रांतिकारियों एवं क्रांतिकारी घटनाओं से संबंधित सम्मान देने की शुरूआत भी होगी, जिसमें अमर शहीद राम प्रसाद पाठक, मुराद अली खान, पं. गेंदालाल दीक्षित, भारत वीर मुकुंद लाल गुप्त स्मृति सम्मान तहसील औरैया के वीर स्मृति सम्मान बीजलपुर के वीर स्मृ़ति सम्मान देने की घोषणा की गई।
साथ ही अन्य दिवसों के कार्यक्रम में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एक शाम शहीदों के नाम, साहित्य चर्चा प्रश्नोत्तर, लघु संभाषण प्रतियोगिता, छात्रों के प्रेरणा के लिए दो दिन आईएएस, आईपीएस व एनडीए कक्षाओं को चलाया जाएगा। साथ ही बीहड़ और बगावत तथा इकबाल डाक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जाएगी।
इस मौके पर श्रीमती मनोरमा महाविद्यालय के प्रबंधक रमाकांत अवस्थी, वीरेंद्र पाठक, अजय शुक्ला, गोविंद द्विवेदी, अशोक त्रिपाठी, हरिशंकर यादव, रामकृष्ण पाल, सुरेश कमल, सुखलाल, सलिल सक्सेना आदि मौजूद रहे।