औरैया। राष्ट्रीय आय एवं छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करने वालों की गति इस बार धीमी देखने को मिल रही है। हालांकि परीक्षा तिथि 10 नवंबर निर्धारित है। पास अभ्यर्थियों को चार साल तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। बता दें कि वर्ष 2024 में परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के क्लेम की तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।
नोडल अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि अधिक से अधिक आवेदन को लेकर योजना का प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभी तक जनपद में कुल 507 आवेदन ही प्राप्त हो सके है। जबकि पिछले वर्ष परीक्षा में 2247 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी।
बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि पांच सितंबर है। जिसको देखते हुए छात्र जल्द से जल्द आवेदन करें। जबकि 2024 में पास अभ्यर्थियों के क्लेम की अंतिम तिथि 31 अगस्त से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।
योजना के तहत वर्ष 2025 के लिए आवेदन करने वालों की परीक्षा 10 नवंबर को जिले में बनाए जाने वाले परीक्षा केंद्रों पर ही संपन्न कराई जाएगी। बता दें कि छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र को वेबसाइट www.entdata.co.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वह छात्र ही आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने वर्ष 2023-24 में कक्षा सात की परीक्षा न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों से पास हो और वर्ष 2024-25 में किसी अशासकीय सहायता प्राप्त, राजकीय, स्थानीय निकाय के विद्यालय में कक्षा आठ का अध्ययनरत छात्र हो। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए पांच प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।