औरैया। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने सीजीएल (कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल) का फाइनल रिजल्ट बृहस्पतिवार को जारी कर दिया।
शहर के बनारसीदास मोहल्ला निवासी अद्वैत ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। वह इनकम टैक्स विभाग में कार्यालय अधीक्षक पद पर चयनित हुए हैं। उनकी इस इस उपलब्धि के लिए लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
मां किरन देवी ने बताया कि उनका पूरा परिवार पहले अछल्दा कस्बे के हरीगंज बाजार में रहता था। अद्वैत के पिता विजय सेन अछल्दा बीआरसी के सुर्खीपुर कंपोजिट विद्यालय में तैनात थे। पांच जून 2025 में पिता का देहांत हो गया था। इस संकट के बीच अद्वैत ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। अक्टूबर 2025 में अद्वैत ने अनुकंपा नियुक्ति में लुहियापुर कंपोजिट विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की नौकरी पाई।
उन्होंने बताया कि एमएससी कर रही बड़ी बहन निवेदिता व मां की देखभाल के साथ अद्वैत घर पर रहते हुए लगातार प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते रहा। इसका परिणाम बृहस्पतिवार को सामने आया। सीजीएल की परीक्षा पास करते हुए अद्वैत का चयन इनकम टैक्स में कार्यालय अधीक्षक पद पर हो गया है।
अद्वैत ने बताया कि इस परीक्षा में पहले प्री फिर मेंस पास किया है। उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई अछल्दा में जबकि इंटरमीडिएट उरई में हुई थी। इसके बाद बीएससी की पढ़ाई इटावा से की थी।