दिबियापुर। विपरीत दिशा में युवकों को बाइक ले जाने से आरक्षी ने रोका तो बाइक सवार उससे भिड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक सवार युवकों समेत आरक्षी को थाने ले आई।
पुलिस से अभद्रता करने पर आरक्षी की तहरीर पर युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। उधर, एसपी अभिजित आर शंकर ने ट्रैफिक आरक्षी सतीश चंद्र को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
फफूंद स्टेशन रोड निवासी यश अपने दोस्त गोविंद के साथ बुधवार देर शाम को नहर पुल से निकल रहा था। इसी बीच विपरीत दिशा में बाइक ले जाने पर वहां पर तैनात ट्रैफिक आरक्षी सतीश चंद्र ने बाइक के हैंडल पर हाथ रख दिया। इस पर युवकों ने वर्दी उतारकर आने को कहा। आवेश में आकर आरक्षी ने भी वर्दी उतार दी। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस बाइक सवार युवकों समेत आरक्षी को थाने ले आई। पुलिस बाइक सवार युवकों का चालान करने के साथ अभद्रता के मामले में एफआईआर दर्ज करने की जुट गई है। थानाध्यक्ष दिबियापुर मुकेश बाबू ने बताया कि ट्रैफिक आरक्षी से अभद्रता की गई है। आरक्षी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले में कार्रवाई चल रही है।