अछल्दा। मंगलवार देर रात्रि एक गांव में ग्रामीणों ने एक कार को संदिग्ध हालात में खड़े देख डायल 112 पर सूचना दी। इसकी भनक लगने पर कार सवारों ने कार वहां से दौड़ा दी।
इस पर ग्रामीण व डायल 112 की गाड़ी भी कार के पीछे लग गई। यह देख चालक रेलवे क्रॉसिंग के दोनों फाटकों को तोड़ते हुए भाग निकला। गेटमैन की सूचना पर रात्रि में ही करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद बूम को सही कराया गया।
गांव रामपुर कुंवर से किसी ग्रामीण ने डायल 112 पर सूचना दी कि गांव के पास एक कार में कुछ संदिग्ध लोग बैठे हुए हैं। ग्रामीण जब कार के पास पहुंचे तो चालक ने कार को भगा दिया। ग्रामीणों ने कार का पीछा किया तथा नगरिया चौराहे से डायल 112 की गाड़ी ने भी कार का पीछा किया।
रात करीब एक बजकर 11 मिनट पर यह कार बंद रेलवे क्राॅसिंग के दोनों फाटक तोड़ते हुए बिधूना की तरफ भाग निकली। ड्यूटी पर तैनात गेटमैन हितेश सिंह ने स्टेशन मास्टर को दोनों तरफ के बूम क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर आरपीएफ के सिपाही राजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर इमरजेंसी बूम लगावाया। इसके बाद रेल कर्मियों ने लगभग पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद फाटकों को ठीक किया। बुधवार सुबह आरपीएफ उपनिरीक्षक दिनेश सिकरवार ने कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया, लेकिन शाम तक कार की पहचान नहीं हो सकी है। आरपीएफ प्रभारी एनके यादव ने बताया कि गाड़ी की पहचान के लिए जांच की जा रही है।