औरैया। शहर से लेकर गांवों तक गंदगी का अंबार है। बारिश होने से जगह-जगह जलभराव है। गंदगी और कीचड़ में मच्छर पनप रहे हैं।
बावजूद इसके लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। बिधूना, दिबियापुर, अजीतमल, कंचौसी, सहार व एरवाकटरा में जलभराव व गंदगी के बाद भी लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है।
जिले में जलनिकासी का समुचित प्रबंध नहीं है। अधिकांश गांवों में जलभराव, गंदगी व कीचड़ से गलियां व नालियां बजबजा रही हैं। इससे मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है।
बिधूना संवाद के मुताबिक बथरा, धनवाली व एरवाकटरा के नगला पियरा आदि गांवों की गलियों में बारिश का पानी भरा है। बंथरा से रतनपुर गांव तक 10 गांवों के लोगों को आना जाना रहता है। ऐसे में रतनपुर गांव की मुख्य सड़क पर बारिश व घरों से निकाले वाला गंदा पानी भरा है।
ग्रामीण पुनीत सिंह, मोनू सिंह, कृष्णा सेंगर, बबलू सिंह, प्रदीप सिंह व सर्वेश राठौर ने बताया कि शिकायत पर समाधान नहीं हुआ। जर्जर सड़क पर पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। धनवाली गांव में भी कुछ ऐसा ही हाल है।
नाली सफाई न होने से बारिश का पानी घरों के सामने भरा है। योगेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई। एडीओ पंचायत विजय कुमार ने बताया कि गांव की सड़क पर पानी भरे होने की जानकारी नहीं है।
समस्या है तो तत्काल समाधान किया जाएगा। बताया कि नगला पियरा में जेसीबी से तालाब की सफाई कराई गई है। धनवाली के सचिव करन सिंह ने बताया कि टीम लगाकर सफाई कराई जाएगी।
गांवों में गंदगी, जगह-जगह जलभराव
अजीतमल संवाद के मुताबिक ब्लॉक के गांव हबिलिया में रामस्वरूप से अवध बिहारी के घर तक सड़क पर जलभराव है। गंदगी में मच्छरों की बीमारी फैलने की आशंका है। दिबियापुर संवाद के मुताबिक नगर के रामकृष्ण नगर स्थित राम स्वीट हाउस के पीछे गंदगी है। इससे लोगों का जीना दूभर है। कंचौसी संवाद के मुताबिक महिपाल पुरवा में नाली सफाई न होने से और कूड़े व गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे मच्छर पनपने से बीमारी पैर पसारने लगी है।