अजीतमल। ग्राम पंचायत जगतपुर में बनी पानी की टंकी की मोटर खराब होने से मुरादगंज में 20 दिन से पानी की आपूर्ति ठप थी। अमर उजाला में खबर छपने के बाद जल निगम ने मोटर बदलकर जलापूर्ति शुरू करा दी। इससे पानी को परेशान लोगों को राहत मिली है।
गांव जगतपुर में जल निगम द्वारा एक पानी की टंकी बनवाकर मुरादगंज व तुर्कीपुर भगवानदास को पानी सप्लाई किया जाना था। हालांकि टंकी बनने के बाद से तुर्कीपुर भगवानदास में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच सकी है। इससे मुरादगंज कस्बे को पानी लगातार सप्लाई किया जाता रहा है। बीस दिन पहले टंकी की मोटर खराब होने से आपूर्ति ठप हो गई थी।
शनिवार को कस्बे के लोगो द्वारा टंकी पर पहुंचकर हंगामा काटा गया। इसकी खबर प्रकाशित की गई। इसके बाद जल निगम द्वारा भेजे गए मिस्त्री की टीम ने मोटर बदलकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी। रविवार को सुबह घरों में पानी पहुंचने पर कस्बे के लोगों में खुशी देखी गई।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अमन कुमार ने बताया कि टंकी की मोटर खराब थी। उसको सही करवाकर पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि गांव तुर्कीपुर भगवानदास तक लाइन बिछाने के लिए एस्टीमेट भेजा गया है। बजट प्राप्त होते ही लाइन बिछाकर पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।