संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। शहर के बनारसीदास मोहल्ला स्थित पानी की टंकी का एक माह पहले खराब हुआ वाल्व न बदले जाने से कई मोहल्लों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। हालत यह है कि भीषण गर्मी में जहां पानी की खपत ज्यादा होने और कम मिलने के कारण लोगों को इधर-उधर से पानी जुटाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सदर कोतवाली रोड पर बनारसीदास मोहल्ला स्थित पानी की टंकी से चार मोहल्लों को सप्लाई दी जाती है। इसमें बनारसीदास, ठठराई, रुहाई समेत चार मोहल्ले शामिल हैं। एक माह पूर्व टंकी का ज्वाइंट वाल्व रिंगों की खराबी की वजह से खुल गया था। इसके बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने किसी तरह वाल्व को तो बंद कर दिया था, लेकिन ज्वाइंट वाल्व आज तक नहीं बदला जा सका है।
इससे उक्त मोहल्ले के लगभग डेढ़ हजार उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार पानी नहीं मिल पा रहा है। पाइप लाइन में प्रेशर न होने के कारण थोड़ी देर बाद ही पानी चला जाता है। इससे इस भीषण गर्मी में इन मोहल्लों के लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि पालिका में शिकायत किए जाने के बाद भी आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
-
क्या बोले लोग-
कुछ देर ही आता पानी
फोटो-15एयूआरपी 17- पप्पू सिंह। संवाद
सुबह के समय जलापूर्ति आती है। कुछ देर ही पानी आता है। ऐसे में पर्याप्त जलापूर्ति के लिए मोटर को चलाना पड़ रहा है। जरा सी देर हो जाने पर पानी अगले दिन ही पानी मिल पाता है।’-पप्पू सिंह, मोहल्ला ठठराई
सबमर्सिबल की मदद लेनी पड़ रही
फोटो-15एयूआरपी 18- अमर सिंह। संवाद
घर ऊंचाई पर बना हुआ है। ऐसे में प्रेशर न होने की वजह से जलापूर्ति नहीं मिल पाती है। सबमर्सिबल की मदद लेनी पड़ रही है। समस्या को लेकर नगर पालिका के जलकल विभाग में अवगत कराया है।’-अमर सिंह, बनारसीदास
-
वर्जन
वाल्व को लेकर कर्मचारियों को कहा गया है। कानपुर से एक नया वाल्व मंगवाया गया है। एक दो दिन में उसे लगवाते हुए जलापूर्ति को दुरुस्त करा दिया जाएगा।
-अनूप गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष