फफूंद। भीषण गर्मी में फॉल्ट और केबल जलने से आए दिन हो रही विद्युत कटौती से नगर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अनवर ने अधीक्षण अभियंता को पत्र सौंपकर विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की।
कस्बे को इन दिनों आए दिन लोकल फाॅल्ट व केबल जलने से बहुत कम बिजली मिल रही है। रात में थोड़ी -थोड़ी देर में ट्रिपिंग से रात 12 बजे के बाद ही आपूर्ति सुचारू हो पाती है। कम बिजली मिलने और उसमें भी अधिकतर समय ट्रिपिंग होने से नगर पंचायत के नलकूप भी नहीं चल पाते हैं।
इससे पानी की टंकियां न भर पाने से लोगों को समय से पेयजल सप्लाई नहीं मिल पाने से कस्बे के लोगों में आक्रोश है। इसे लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अनवर ने शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार से मुलाकात की और उनको एक पत्र सौंपकर कस्बे की बिजली व्यवस्था ठीक कराने की मांग की।
बताया कि कई बार पानी की सप्लाई के दौरान ही बिजली कट जाने से कस्बे के ऊंचे मोहल्लों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने सुबह 5:30 बजे दोपहर 12 बजे और शाम 5:30 बजे होने वाली पेयजल आपूर्ति के समय बिजली कटौती न करने की मांग करने के साथ ही दो अतिरिक्त लाइनमैन तैनात किए जाने की मांग भी उठाई है।
रात में उपभोक्ताओं का फोन नहीं उठाते लाइनमैन
कस्बे के उपभोक्ता डाॅ. हरीशचंद्र, ऋषि मिश्रा, गौरव अग्निहोत्री, नीटू पांडेय, राजुल तिवारी, डाॅ.मुन्ना पांडेय व सुभाष राठौर ने बताया कि कस्बे में तैनात लाइनमैन विशाल को कई महीने पूर्व हटा दिया गया था। नए लाइन मैन रात में फोन नहीं उठाते है। इससे फाल्ट या केबल जलने पर आपूर्ति काफी देर बाद बहाल हो पाती है। उपभोक्ताओं ने अधीक्षण अभियंता से पुराने लाइनमैन को ही कस्बे में तैनात करने की मांग की है।