औरैया। जिले में 72 घंटों से हो रही बारिश से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चारों ओर जलभराव से लोग परेशान हैं। घरों, सड़कों और सरकारी कार्यालयों के परिसर तक में पानी भर गया है। कहीं-कहीं तो घुटनों तक पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ा।
शहर के मोहल्ला नरायनपुर में बरसात का पानी घरों में घुसने से लोग परेशान रहे। सदर कोतवाली में परिसर में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आया। इसके कारण फरियाद परेशान रहे। शहर में गल्ला मंडी परिसर में आढ़तों में पानी भरने से व्यापारी परेशान रहे। अनाज भीग गया। उन्हें लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। फायर ब्रिगेड परिसर कर्मी भी पानी निकालने में जुटे रहे। नगर पालिका परिषद कार्यालय का भी यही हाल रहा। वहीं अजीतमल में पुराने मुगल रोड पर स्थित सीओ कार्यालय के पास सड़क पर लगे खंभों पर पेड़ टूटकर गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उधर अछल्दा ब्लॉक क्षेत्र में बारिश से अन्हैया नदी के उफनाने से आसपास के खेतों में पानी भर गया।
20 मकान ढहे, छह मवेशियों की मौत
औरैया। बारिश से अयाना के बीहड़ी क्षेत्र समेत कई जगह करीब 20 मकान ढह गए। इसके कारण लोग खुले में तिरपाल के नीचे गुजर बसर करने पर मजबूर हैं। वहीं छह मवेशियों की मलबे में दबकर मौत हो गई।
गुुरुवार रात हुई तेज बारिश के दौरान अयाना के सिखरना गांव में छोटे सिंह के छप्पर की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर तीन बकरियों, तीन बकरे और एक पड़वे की मौत हो गई। गांव निवासी मनराज और संतोष के घर की दीवार ढह गई। सरनाम, सुखवासी, इंद्रजीत, रामप्रकाश, प्रमोद के कच्चे घरों की छतें ढह गईं। सूचना पर पहुंचे लेखपाल मोहित श्रीवास्तव ने नुकसान का आकलन किया है। गांव बीझलपुर में बुद्ध सिंह, लालूका के मकान भी बारिश में ढह गए।
वहीं रुरुगंज में पूरन सिंह के मकान की दीवार ढहने से गृहस्थी बर्बाद हो गई। सदर ब्लॉक क्षेत्र के गांव जौरा में भारी बारिश से गांव निवासी सीटू का मकान दरक गया। औरैया शहर के मोहल्ला नरायनपुर में चिरंजी लाल राठौर का मकान ढह गया।
अछल्दा क्षेत्र के गांव गासीपुर, ग्राम पंचायत हसनपुर के गांव अहिरान में कई कच्चे मकान ढह गए। गांव निवासी भइया लाल, नगला ललू निवासी मलखान सिंह, हाकिम सिंह, बदन सिंह के मकान व छप्पर ढह गए।