अछल्दा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से उफनाई सेंगुर नदी के जलस्तर में गिरावट होने लगी है। इससे खेतों में जलमग्न हुई फसलों से भी पानी घटने लगा है। ऐसे में किसानों ने राहत महसूस की है।
नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव चिमकुनी में कई दिनों पहले आसपास के सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न हो गए थे। नदी में जलस्तर बढ़ने की सूचना पर एसडीएम कमल कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था और लेखपाल को किसानों के हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाने के लिए निर्देशित किया था। बताया गया है कि बृहस्पतिवार शाम से नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। इससे आसपास के डूबे हुए खेतों का पानी घटने से फसल भी दिखाई देने लगी है।
हालांकि कई दिन तक फसल के जलमग्न रहने से उसके खराब होने की चिंता किसानों को सता रही है। किसानों का कहना है कि धान और अन्य फसलें पानी में सड़ने लगी हैं। इस संबंध में लेखपाल विकास कुमार ने बताया कि सर्वे कर डाटा एकत्रित किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल सके।(संवाद)