औरैया। विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें गलतियां सुधारने का मौका मिलेगा। यह अभियान सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उप्र के निर्देश पर जिले के विधानसभा क्षेत्र 202-बिधूना, 203-दिबियापुर और 204-औरैया (अजा) के सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे और मतदाताओं से दावा व आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, पर्यवेक्षणीय अधिकारी और सुपरवाइजर भी मतदान स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
बीएलओ के पास फार्म-6, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर बीएलओ को दे सकता है। यदि नाम, पता या अन्य विवरण में कोई गलती है तो फार्म-8 भरकर सुधार कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि किसी नाम को हटाने के लिए फार्म-7 का उपयोग किया जाता है।