फोटो-14एयूआरपी 16- बुखार से ग्रसित बच्चे को देखते बालरोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम। संवाद
बिधूना। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई दे रहा है। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड के चलते लोग बड़ी संख्या में बीमार पड़ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में इन दिनों ओपीडी व इमरजेंसी में मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, इस समय वायरल बुखार, जोड़ों में दर्द, सर्दी-जुकाम और सांस संबंधी रोगों से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। बच्चों में भी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कई बच्चे बुखार, खांसी और फेफड़ों में जकड़न की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसा नहीं बच्चे ही बीमार हो रहें। महिला व पुरुष भी वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को बुखार से ग्रसित चार मरीजों को सीएचसी के वार्ड में भर्ती भी कराया गया।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कृपाराम ने कहा कि मौसम के इस बदलते दौर में बच्चों की विशेष देखभाल करें। सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। इसलिए बच्चों को गर्म कपड़े पहनाएं। उन्हें गुनगुना पानी पिलाएं और ठंडी चीजें खाने से बचाएं। बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने पर सरकारी अस्पताल में जरूर दिखाएं।