कोतवाली की चौकी रूरूगंज के ग्राम पुर्वा मके में जमीनी विवाद सुलझाने गई पुलिस से ग्रामीण उलझ गए। कुछ ग्रामीणों ने जांच को गए सिपाही के साथ मारपीट कर दी। वहीं एक पक्ष की महिला ने सिपाही पर पैसा मांगने व अभद्रता का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को मौके से असलहा, कारतूस समेत गिरफ्तार किया है।
ग्राम पुर्वा मके निवासी शिवकुमार बाथम व अरविंद चौबे के बीच जमीन रंजिश चल रही थी। शुक्रवार सुबह दिन में अरविंद अपनी दीवार तोड़कर दरवाजा बनाने की तैयारी कर रहा था। शिवकुमार ने इसकी जानकारी रूरूगंज चौकी इंचार्ज धर्मेद्र सिंह यादव को दी।
सूचना पर सिपाही केशव सिंह यादव को लेकर पुर्वा मके पहुंचे और दोनों पक्षों से बात की। इसी दौरान अरविंद व मनोज का सिपाही केशव सिंह यादव से विवाद हो गया। अन्य पुलिसकर्मी मामले को समझ पाते कि ग्रामीणों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया।
इधर अरविंद की पत्नी आरती का आरोप है कि चौकी पुलिस मामला सुलझाने को रुपये मांग रही थी। रुपये न देने पर दरवाजे पर पहुंचकर गालीगलौज व मारपीट कर दी। सिपाही ने उसके साथ अभद्रता की है।
चौकी इंचार्ज धर्मेद्र यादव ने बताया कि अरविंद व उसके भाई सिपाही को अपने घर लेकर गए थे और उसके साथ मारपीट कर दी है। दोपहर बाद पुलिस ने अरविंद व मनोज को देशी तमंचा, चाकू व तीन जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया है।