जाम के कारण पैदल स्कूल जाते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक पालतू गाय की मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्र्रामीणों ने बिधूना-अछल्दा मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे यातायात बंद हो जाने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों को पैदल ही स्कूल जाने को मजबूर होना पड़ा। वहीं टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक गाड़ी सहित भागने में सफल रहा।
सुबह 6 बजे जाम लगा दिया जिससे यातायात बंद हो गया। जाम में फंसे स्कूली बच्चों को पैदल ही स्कूल जाना पड़ा वहीं कानपुर जाने वालों लोग घर वापस जाने को मजबूर हुए। जाम की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर तीन घंटे के बाद जाम खुलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय प्रथम निवासी संजीव कुमार पुत्र कुलदीप नरायण भदौरिया की पालतू गाय घर के बाहर बंधी थी। किसी तरह गाय खूंटा उखाड़कर सड़क पर पहुुंच गई। इसी बीच बिधूना से अछल्दा की तरफ जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने गाय को टक्कर मार दी। जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गाय की मौत से गुस्साएं ग्रामीणों ने बिधूना-अछल्दा मार्ग पर सुबह 6 बजे जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से मुआवजा दिए जाने के साथ ही घटनास्थल पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग की गई। जाम की सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक नन्हेलाल व रुरुगंज चौकी इंचार्ज राम बदन सिंह यादव ने लोगों को समझाया, पर ग्रामीणों ने उनकी एक न मानी। घटना के तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने ग्रामीणों को ब्रेकर बनवाने का आश्वासन देकर समझाया। जिस पर तीन घंटे बाद जाम खुल सका।