फोटो- 42 सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।संवाद
एरवाकटरा। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सूरजपुर एरवा में सीसी सड़क पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे बनी नाली सड़क से ऊंची है। इससे गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता है। इससे परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर लगातार जलभराव रहने से राहगीरों और ग्रामीणों के आवागमन में कठिनाई हो रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। इससे फिसलन और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन करने वाले राजेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, सुनीता देवी, राममूर्ति, राजेश, दिनेश, यजुवेंद्र और मीरा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को बाध्य होंगे।
बीडीओ संजीव कुमार पांडेय ने बताया कि सूरजपुर गांव में आम रास्ते पर जलभराव का मामला संज्ञान में आया है। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को मौके पर भेजकर समस्या का निरीक्षण कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।