अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हालेपुर में राशन डीलर के उपचुनाव में ग्रामीणों ने धांधली का आरोप लगा उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उपजिलाधिकारी ने जांचकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की।
अजीतमल ब्लॉक के ग्राम हालेपुर में तत्कालीन राशन डीलर वीरेंद्र सिंह पर राशन वितरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई थी। आरोप सही पाए जाने पर वीरेंद्र सिंह का कोटा निरस्त कर दिया गया था। राशन डीलर के लिए गत 06 फरवरी को उपचुनाव कराया गया था। जिसमेें आरोपित पूर्व राशन डीलर का भाई बाबूराम व गांव के उमेश कुशवाहा ने आवेदन किया था। एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारी की मौजूदगी में हुए चुनाव में भीड़ की संख्या के आधार पर बाबूराम पाल को राशन डीलर घोषित कर दिया गया।
शुक्रवार को ग्रामीणों उमेश, अतर सिंह, दिवारीलाल, रामनरेश, विक्रम सिंह, राजवीर, सुरेंद्र, बृजेश कुमार, महेश चंद्र, मंजू देवी, अनामिका, उमा, पिंकी, ऊषा देवी, दिनेश आदि ने उपजिलाधिकारी राशिद अली खान को एक ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस चुनाव में विपक्षी द्वारा गांव के बाहर के लोगों को बुलाकर भीड़ में शामिल कर लिया गया था। उन लोगों ने चुनाव के दौरान विरोध भी किया था। लेकिन उनकी बात को किसी ने नहीं सुना। इसकी जांच कराते हुए दोबारा चुनाव कराया जाए। जिससे हकीकत सामने आ जाएगी। इस संबंध में उपजिलाधिकारी राशिद अली खान ने बताया कि कोटा डीलर का चुनाव ब्लॉक क्षेत्र में आता है, बीडीओ को जानकारी दे दी गई है वह जांचकर कार्रवाई करेंगे।