बिधूना (औरैया)। शराब के नशे में अश्लीलता करने और ग्रामीणों से अभद्रता के मामले में एक युवक और दो युवतियों को ग्रामीणों ने पकड़ा है। इस मामले में प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस को तहरीर दी है। बिधूना कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार को एक गांव में शादी के आयोजन के दौरान एक युवक और दो युवतियां एक बाइक पर सवार होकर कुछ दूर स्थित मऊ गांव पहुंचे थे। वहां तीनों शराब पीकर अश्लीलता करने लगे। उन्हें ऐसा करते देख ग्रामीणों ने उन्हें रोका।
इस पर तीनों ही नशे की हालत में ग्रामीणों से भिड़ गए। ग्रामीणों के विरोध पर गाली-गलौज करने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों इतने नशे में थे कि बाइक नहीं चला पा रहे थे।
पुलिस ने लोहामंडी निवासी अमजद को पकड़ लिया। उसके साथ अछल्दा क्षेत्र की दो युवतियों को भी पकड़ कर थाने ले जाया गया। पुलिस ने ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि जगन सिंह की तहरीर पर सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकतें करने के आरोप में तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)