अनंतराम। नगर पंचायत अटसू में दो दिन पहले अध्यक्ष कक्ष में कर्मचारियों के आराम फरमाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब ईओ के चालक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लगातार सामने आ रहे इन वीडियो ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल हो रहे वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
दरअसल, एक दिन पहले अध्यक्ष कक्ष में तीन कर्मचारियों के आराम करते हुए वीडियो वायरल होने पर ईओ प्रदीप कुमार गौतम ने संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की थी। इसके अगले ही दिन एक और वीडियो सामने आने से लोगों में यह चर्चा तेज हो गई कि कार्रवाई का कर्मचारियों पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा।
लोगों का कहना है कि लगातार वायरल हो रहे वीडियो से नगर पंचायत की छवि भी प्रभावित हो रही है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इन्हें लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
ॉ इस संबंध में चेयरमैन इंदु स्वदेश पोरवाल ने बताया कि मामले का संज्ञान में आया है। अनुशासनहीनता के लिए संबंधित कर्मचारियों को नोटिस देकर चेतावनी दी जाएगी। (संवाद)