रुरुगंज। गांव पुरवा पीताराम स्थित गोशाला में मृत गोवंश को खींचने का वीडियो वायरल हुआ है। जानकारी पाकर नायब तहसीलदार मौके गईं और वहां पर उन्होंने जांच की।
बिधूना विकासखंड क्षेत्र की इस गोशाला में आए दिन भूख-प्यास से तड़प कर गोवंशों की मौत हो रही है। मई माह में ही पांच गोवंशों की मौत हो चुकी है और दो गोवंश इस समय बीमार पड़े हैं। यहां मृत गोवंशों को बिना पोस्टमार्टम के ही खींच कर चकरोड के बगल में बने गड्ढे में दबा दिया है। शुक्रवार को इसका एक वीडियो वायरल हुआ। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
वीडियो वायरल होने पर नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा मौके पर पहुंची और जांच की। एसडीएम गरिमा सोनकिया ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।