औरैया। सहार पुलिस ने जिस बांग्लादेशी को पकड़ा है। ये विभाग के खुफिया तंत्र व पुलिस की गश्त पर सवाल उठा रहा है। अब पुलिस जनसेवा केंद्र व कबाड़ मालिक से भी पूछताछ कर सकती है। बांग्लादेशी के पकड़े जाने के बाद कबाड़ मालिक दुकान से फरार चल रहा है। बड़ी बात यह है कि प्रधान व जनप्रतिनिधि को भी भनक नहीं लगी।
सहार थाना पुलिस द्वारा बांग्लादेश के इस्लाम पुत्र शौरियातुल्ला को पकड़ कर जेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि वह करीब चार माह से गांव पुरवा रावत में रह रहा था और प्रधान, नेता तो छोड़िये बीट पुलिस व खुफिया तंत्र को कानोकान खबर तक नहीं लगी जबकि खुफिया तंत्र क्षेत्र में रहने वाले एक-एक लोगों पर नजर रहती है। बीट पुलिस वहां से लगातार निगाह रखने का दावा करती है। इसके बाद भी किसी को भनक तक नहीं लगी जबकि इसी माह लखनऊ एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी को पकड़े जाने के बाद पुलिस को अलर्ट किया गया था। इसके बाद भी पुलिस कागजों पर ही सत्यापन करती रही। कबाड़ की दुकान बेला रोड से सटी हुई है। जिसमे वह काम करता था।
कबाड़ दुकान छोड़कर मालिक के अचानक गायब हो जाने से पुलिस ने उसे भी शक के घेरे में लिया है। चर्चा है कि कबाड़ दुकानदार बचने के फिराक में क्षेत्र के किसी नेता के यहां शरण लेने पहुंचा है। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि व्यापक तरीके से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सत्यापन कार्य कराया जाएगा। कबाड़ मालिक व जनसेवा केंद्र संचालक से भी पूछताछ की जाएगी।