फोटो-23एयूआरपी 11- क्रासिंग खुलने के इंतजार में खड़े वाहन सवार। संवाद
बिधूना। अछल्दा कस्बे में भैया दूज पर्व पर रेलवे क्राॅसिंग 13 बी पर गुरुवार सुबह से ही वाहनों के आवागमन से जाम शुरू हो गया। सुबह करीब 11 बजे से रेलवे फाटक पर लगी वाहनों की लंबी कतारें दोपहर तक भी खत्म नहीं हो सकीं। जाम इतना भीषण था कि ट्रैक पर वाहन फंसने से रेलवे फाटक बंद नहीं किया जा सका। इससे कई ट्रेनों को आउटर पर रोक दिया गया।
गुरुवार को रेलवे फाटक पर लगे जाम के कारण साबरमती स्पेशल पटना एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ा। इस दौरान रेलकर्मियों और आरपीएफ के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर पहुंची पुलिस व रेलवे कर्मियों ने मशक्कत के बाद वाहनों को ट्रैक से हटवाया और करीब एक बजे गेट बंद किया जा सका। करीब आधे घंटे तक ट्रेनों के निकलने के बाद डेढ़ बजे गेट खोला गया। इससे फाटक पर दोबारा भीषण जाम लग गया।
नहर पुल से लेकर क्राॅसिंग तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में तीन एंबुलेंस भी फंसी रहीं। इससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि त्योहार के कारण स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। इससे रेलवे फाटक ज्यादा देर तक बंद रहा । इससे जाम लग गया। पुलिस कर्मियों व आरपीएफ के साथ वाहनों को रोककर फाटक बंद कराकर ट्रेनें निकाली गई। बताया कि दोपहर बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।
फोटो-23एयूआरपी 11- क्रासिंग खुलने के इंतजार में खड़े वाहन सवार। संवाद