जालौन व औरैया जनपद में प्रथम चरण के चुनाव को लेकर दोनों जिलों के प्राइवेट वाहनों को चुनाव ड्यूटी में लगा दिए जाने से सवारियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके चलते पूरे दिन बसों का टोटा रहा। जालौन रूट पर परिवहन विभाग की इक्का-दुक्का बसें ही संचालित हैं। यहां सवारियों को प्राइवेट बसों का ही सहारा है। इसके बाद भी परिवहन विभाग की ओर से इस रुट पर वाहनों की कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई है।
चुनाव कार्मिकों को बूथ तक पहुंचाने के लिए जालौन व औरैया जिला प्रशासन द्वारा गाडिय़ों को कब्जे में लिए जाने का खामियाजा सवारियों को भुगतना पड़ा। इसके चलते पूरे दिन रोडवेज डिपो परिसर से लेकर जालौन चौराहे तक यात्रियों की खासी भीड़ इधर से उधर भटकने को मजबूर रही। खासकर जालौन-उरई रुट पर समस्या ज्यादा गंभीर दिखाई दी। इस रुट पर दिन में इक्का-दुक्का गड़ियों के होने से अधिकांश प्राइवेट गड़ियां ही फर्राटा भरती हैं।
ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा इस रूट की सभी प्राइवेट गड़ियों को चुनाव ड्यूटी में लगा देने के कारण पूरे दिन इस मार्ग पर बसों का आवागमन ठप रहा। इससे सवारियों को ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ी। एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण कुछ समस्याएं हुई हैं। इसके कारण उक्त मार्ग पर अतिरिक्त गाड़ियां चलाया जाना संभव नहीं हो सका है। भविष्य में इस तरह की समस्या पर पूरा ध्यान दिया जाएगा। जिससे यात्रियों को कोई परेशानी न हो।