वाहन चोर गैंग के पांच लोगों को धर दबोचने के बाद एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि पकड़े गए गैंग के सदस्यों में सौरभ यादव उर्फ बाबा गैंग का सरगना है। वाहन चोर गैंग में 8-10 सदस्य शामिल हैं।
पुुलिस के मुताबिक वाहन चोर गाजियाबाद, नोएडा, मथुरा, लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा व औरैया जिलों में कीमती चार पहिया वाहन व ट्रैक्टर लूट कर अच्छी कीमत पर एटा जिला के अलीगंज निवासी अशरफ को बेचते थे। गैंग के रुकने, भोजन व असलहों की व्यवस्था इटावा जिले की नई मंडी निवासी विमला देवी पत्नी संत सिंह यादव की ओर से की जाती थी।
पकड़े गए अभियुक्तों की निशान देही पर पुलिस ने इटावा जिले के थाना चौबिया में लूटा गया ट्रैक्टर, भोगनीपुर कानपुर देहात व एरवाकटरा जिले में लूटा गया ट्रैक्टर व मोबाइल के अलावा विभिन्न जिलों से चोरी की गई तीन बाइकों को सौरभ यादव के घर से बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि अन्य घटनाओं में लूटी व चोरी ट्रैक्टर व चार पहिया गाड़ी की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मौके से फरार हुए कार्तिक उर्फ गोलू यादव पुत्र केके यादव निवासी फ्रेंडस कालोनी इटावा, लालू उर्फ साहिल यादव पुत्र रामदत्त यादव निवासी खितौरा थाना बकेवर इटावा, दीपू यादव पुत्र मेघ सिंह निवासी श्रीकापुर्वा थाना मंगलपुर कानपुर देहात, जीतेंद्र उर्फ टिंकू यादव पुत्र संत सिंह यादव निवासी नई मंडी इटावा, विमला देवी पत्नी संत सिंह निवासी नई मंडी इटावा व अशरफ निवासी अलीगंज एटा की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है।
दिलाया जाएगा 50 हजार का पुरस्कार
एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि स्वाट प्रभारी संतोष कुमार मिश्रा, शिव कुमार थानाध्यक्ष एरवाकटरा के अलावा उप निरीक्षक रमा शंकर सरोज, आरक्षी रूपेंद्र, शिवराम, अरुण, विपिन, संजय, रवीकांत, हेड कांस्टेबिल सत्यदेव त्रिवेदी, आरक्षी पवनेश कुमार, अवनीश कुमार, यशवीर सिंह, सर्वेंद्र कुमार व सर्विलांस टीम के सहयोग से पुलिस ने एक बड़े गैंग का खुलासा किया है। खुलासा करने वाली टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिलाने के लिए डीजीपी के पास धनराशि की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा जाएगा।
अभियुक्तों पर एक दर्जन मामले दर्ज हैं
पकड़े गए वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के पास से तलाशी की दौरान एक पिस्टल 32 बोर, दो तमंचा के अलावा 19 कारतूस जिंदा व एक खोखा बरामद हुआ है। इन अभियुक्तों पर मथुरा, कानपुर देहात, औरैया, इटावा के विभिन्न थानों व कोतवाली में वाहन चोरी के 12 मामले दर्ज हैं।
कार चोर गिरोह के चार लुटेरे दबोचे
अजीतमल कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कस्बे में बिजली घर से ग्राम रजपुरा जाने वाले मार्ग पर चार संदिग्ध चार पहिया वाहनों के साथ चार चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गैंग के आरोपी पुरानी गाड़ियां खरीदते थे और उसके बाद उन्हें कबाड़ में कटवा देते थे। उन गाड़ियों का चेचिस नम्बर निकाल कर वह लोग चोरी की गई कारों में वेल्डिंग से लगा देते थे। जिससे चेचिस नम्बर के आधार पर गाड़ी पकड़ में आ सके।