अटसू। क्षेत्र के गांव बरवाई के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में कार सवार 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बरवाई निवासी विकास (17) अपने साथी ऋषभ व एक अन्य दोस्त ऋषभ के साथ कार से बारेपुर गांव जा रहा था। कार ऋषभ चला रहा था। गांव के बाहर सैयद बाबा स्थान के पास सामने से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि विकास कार से बाहर जा गिरा, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य साथी कार के भीतर ही फंस गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ऋषभ का प्राथमिक उपचार किया गया। मृतक के पिता राजेश कुमार, मां रानी देवी और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।