फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के केशमपुर-पसईपुर गांव में सब्जी बेचने वाले एक युवक अपनी दुकान में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। फोन न उठाने पर दुकान पर पहुंचे पिता और अन्य परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया।
गांव केशमपुर-पसईपुर निवासी चन्द्रभान सिंह कुशवाहा का 22 वर्षीय पुत्र शिवम उर्फ कल्लू गांव में ही पिता के साथ सब्जी की दुकान पर बैठता था। रविवार शाम पिता उसे दुकान पर बैठा छोड़कर घर चले गए। रात करीब आठ बजे शिवम ने टट्टर लगाकर दुकान बंद कर दी और अंदर लगी बल्ली में गमछे से फंदा बनाकर लटक गया।
देर रात तक जब शिवम घर नहीं पहुंचा तो मां कुंती ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। पिता उसे देखने दुकान पर पहुंचे तो उसका फोन अंदर बज रहा था। इस पर चंद्रभान ने टट्टर हटाकर देखा तो शिवम फंदे पर लटका था। मौके पर अन्य परिजन भी पहुंच गए। उसे फंदे से उतारकर एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस भी पहुंची और जांच पड़ताल की। मृतक के दो छोटे भाई पुष्कर व प्रियांशु और एक बड़ी बहन निकेता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। आत्महत्या के पीछे की वजह को जानने का प्रयास किया जा रहा है।
फेसबुक पर लगाया था मूड ऑफ का स्टेटस
शिवम किसी बात को लेकर रविवार सुबह से ही मानसिक तनाव में था। जिसकी वजह से उसने घटना के दिन अपने फेसबुक अकाउंट पर मूड ऑफ का स्टेटस लगाकर पोस्ट भी की थी। देर शाम दुकान के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। इसको लेकर गांव में कई चर्चाएं होती रहीं।