फोटो-6-रेलवे क्रॉसिंग र लगा जमा, जिसके चलते वंदे भारत एक्सप्रेस को रोकना पड़ा। संवाद
अछल्दा। रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह ट्रेनों के आवागमन से रेलवे फाटक बंद रहने से लंबा जाम लग गया। आधा घंटे बाद फाटक खुला तो ट्रैक पर वाहन फंस गए। इससे दोबारा फाटक बंद न होने से इटावा की तरफ जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस को चार मिनट तक आउटर पर रोकना पड़ा।
दिल्ली-हावड़ा रूट की रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह लगभग नौ बजकर 52 मिनट पर फाटक बंद हुआ। इसके बाद लगातार ट्रेनों के आवागमन से देर तक फाटक नहीं खोला गया। इससे अछल्दा-फफूंद व बिधूना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग 30 मिनट बाद 10: 22 बजे पर फाटक खोला गया। इससे बड़े वाहनों के आगे बाइकों का काफिला निकल पड़ा। इससे ट्रैक पर वाहन फंस गए।
इस बीच कानपुर से इटावा की तरफ जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस को निकालने के लिए 10 मिनट बाद गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया लेकिन ट्रैक पर वाहनों का जाम लगा होने से फाटक बंद न हो सका और 22415 वंदेभारत एक्सप्रेस को आउटर पर रोका गया।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस, पीआरडी कर्मी व आरपीएफ कांस्टेबल ने आननफानन फाटक के बीच से गाड़ियां हटवाकर 10 बजकर 37 मिनट पर फाटक को बंद कराकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके बाद दोबारा फाटक 10 बजकर 42 मिनट पर खोला गया, तब जाकर जाम खुल सका।