बेला-बिधूना मार्ग पर भदौरियन पुर्वा मोड़ पर बारात से लौट रही मारुति वैन से पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार भिड़ गई। इससे वैन पलट गई। वैन सवार युवक की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए।
बिधूना क्षेत्र के बंधमऊ निवासी पवन कुमार(21) उर्फ मोनू सविता पुत्र राजेंद्र शुक्रवार की रात अपने गांव से एक युवक की बारात में शामिल होने रामगढ़ गया था। यह रात में मारुति वैन से लौट रहा था। बेला-बिधूना मार्ग पर भदौरियन पुर्वा मोड़ के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने वैन में टक्कर मार दी।
तेज टक्कर से वैन पलट गई। इसमें सवार पवन की मौके पर मौत हो गई। अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। घायलों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए बिधूना सीएचसी में भर्ती कराया गया।
पवन को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पवन केे परिजन रोते बिलखते पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पवन कुमार गांव में नाई की दुकान किए था।