फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा, रोका अंतिम संस्कार

Tue, 12 May 2026 11:54 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
फोटो-33-बीपी सिंह। फाइल फोटो
विज्ञापन
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्यानपुर जागू में सोमवार को युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मामले में पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।
विज्ञापन

मंगलवार को शव गांव पहुंचने पर परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इससे करीब एक घंटे तक अंतिम संस्कार रुका रहा। बाद में सीओ के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

गांव निवासी अतर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बड़ा पुत्र बीपी सिंह (32) रविवार शाम करीब छह बजे घर से खेतों की ओर कूड़ा डालने गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो छोटे पुत्र अक्षय ने बिधूना कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
विज्ञापन

सोमवार शाम करीब पांच बजे गांव से बाहर कल्यान सिंह के खेत में बने कुएं में उसका शव पड़ा मिला था। चेहरे पर बंधा कपड़ा, सिर पर चोट के निशान और बिखरा खून हत्या की कहानी साफ बयां कर रहे थे। पिता की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
मंगलवार को करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजन और पुलिस शव लेकर गांव पहुंची। थाना पुलिस के साथ ही अन्य थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया था। कुछ देर बाद जैसे ही शव को अंतिम संस्कार के लिए उठाया जाने लगा तो परिजन और महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।
परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। इस पर सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने उन्हें समझाया। आश्वासन दिया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद परिजन माने और शाम करीब साढ़े चार बजे अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई शीलू ने शव को मुखाग्नि दी।
पिता अतर सिंह ने बताया कि उनका बेटा गांव में ट्रैक्टर चलाकर व मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उनके पास सिर्फ दो बीघा जमीन है, जो पांच बेटों के हिस्से में थी। बीपी सिंह की मौत के परिवार के भरण पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है।
-
कहां गया मोबाइल, जांच में जुटी पुलिस
परिजन के अनुसार बीपी सिंह जब घर से निकला था तो उसके पास मोबाइल था लेकिन जब शव मिला तो मोबाइल बरामद नहीं हुआ। ऐसे में मोबाइल कहां चला गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। सूत्रों के अनुसार मोबाइल बरामद होने पर कई राज खुल सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ घटनास्थल के पास पुलिस को तीन प्लास्टिक के गिलास और दो शराब के खाली पाउच मिले हैं। पुलिस इसकी भी गहनता से जांच कर रही है।

फोटो-33-बीपी सिंह। फाइल फोटो

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें