डीबीटीएल योजना के तहत रसोई गैस उपभोक्ताओं से सब्सिडी हेतु भरवाए जा रहे प्रपत्रों की एडीएम ने समीक्षा बैठक की। बैंकों की कम रुचि देखते हुए उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही गैस एजेंसियों को योजना का अधिक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए।
जिले में 19 गैस एजेंसियों पर 139708 गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं। उपभोक्ताओं को रसोई गैस पर शासन से दी जा रही सब्सिडी डायरेक्ट उनके खाते में भेजे जाने के लिए डीबीटीएल योजना शुरू की गई है।
योजना से जुड़ने को गैस उपभोक्ताओं से आधार कार्ड व नॉन आधार कार्ड के प्रारूपों को गैस एजेंसियों व बैंकों में जमा कराया जा रहा है। अब तक जिले के 41918 गैस उपभोक्ताओं ने योजना के तहत आवश्यक प्रपत्र दाखिल किए हैं।
कार्य में धीमी प्रगति को देखते हुए एडीएम इंद्रपाल उत्तम ने गैस एजेंसियों के संचालकों को योजना का अधिक प्रचार-प्रसार कराए जाने के निर्देश दिए।
एलडीएम पीके सिन्हा को निर्देशित किया कि वह इस कार्य में बैंकों को तेजी लाने के निर्देश जारी करें। बैठक में तेल कंपनियों के जिला स्तरीय समन्वयक, आईओसी, सीएमआर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित गैस एजेंसियों के वितरक मौजूद रहे।