दिबियापुर (औरैया)। मोहल्ला रामकृष्ण नगर में चोरों ने एक घर में तब लाखों की नकदी एवं जेवरा चोरी कर लिए, जब गृहस्वामी अपनी बेटी को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामकृष्ण नगर में बर्फानी धाम के पास रहने वाले फूल शाह पुत्र रज्जव शाह ने बताया कि 12 जून को रात तीन बजे वह, पत्नी के साथ अपनी बेटी को परीक्षा दिलवाने के लिए रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गया था। घर में बेटा अकेला था और दूसरे कमरे में सो रहा था। हम लोग गेट में बाहर से ताला डालकर रेलवे स्टेशन गए थे।
इसका चोरों ने मौके का फायदा उठाया और ताला तोड़कर घर के अंदर घुस आए। अलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर चोरों ने एक लाख रुपये नकद, पांच लाख के सोने चांदी के जेवर समेत जरूरी कागजात चुरा लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।