बिधूना। क्षेत्र के गांव देवराव में नकली चांदी बेचने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को पकड़ लिया। इनसे अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। तीन दिन पहले वह सराफा व्यापारी को चांदी के जेवर रखकर 10 हजार रुपये ले गई थी। गुरुवार को वह चांदी लेकर दोबारा पहुंची। व्यापारी ने महिलाओं को पहचान कर पुलिस को सूचना दे दी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव देवराव में नकली चांदी बेचने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। तीन दिन पहले दो महिला एक पुरुष के साथ गांव के सराफा व्यवसायी महेंद्र सिंह की दुकान पर गई थी। करीब 115 ग्राम चांदी नकली गिरवी रखकर 10 हजार रुपये लेकर चली गईं थी। शुरुआत में व्यापारी को शक नहीं हुआ लेकिन जब उन्होंने चांदी को दोबारा परखा तो शंका गहराने लगी। व्यापारी ने सतर्कता दिखाते हुए गुरुवार को जब वही महिलाएं दोबारा चांदी बेचने दुकान पर आईं। तो पुलिस को सूचना दे दी।
घटना की जानकारी के बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कर दिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं से अलग-अलग पूछताछ की है। महिलाओं के पास से मिली चांदी को पुलिस ने कब्जे में लिया है। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
गो तस्करी मामले में कंटेनर चालक गिरफ्तार, भेजा जेल
फोटो-18एयूआरपी37- पुलिस हिरासत में कंटेनर चालक आरिफ। स्रोत:पुलिस
बिधूना। कोतवाली क्षेत्र में छह सितंबर को सामने आए गो-तस्करी मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक और आरोपी कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के यही चालक कंटेनर में गोवंशों को लेकर जा रहा था।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि आरोपी आरिफ उर्फ सैफी पुत्र आंसू, निवासी गोकुलपुर पाता पूनना, जनपद नूह (हरियाणा) को दिबियापुर फफूंद स्टेशन के समीप एक चाय की दुकान से पकड़ा गया है। इस मामले में अब तक कंटेनर चालक समेत 18 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। फरार चल रहे डंपी यादव निवासी शामपुर की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की लगातार कार्रवाई से गो-तस्करों में खलबली मची है।
000000000000
एडीजीपी की मदद करने का आरोप लगा युवक को पीटा, रिपोर्ट
- जालौन जिले से पीछा कर रहे कार सवारों ने तिवर लालपुर में की मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
अयाना। थाना क्षेत्र के तिवरलालपुर में बेटी के यहां आए पिता व भाइयों के साथ पीछा करके आए कार सवारों ने तमंचे के बल पर मारपीट कर दी। पीड़ित ने एडीजीपी की मदद करने की वजह से मारपीट करने का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जालौन जिला के रामपुरा थाना के धरमपुरा जागीर निवासी सोमप्रकाश उपाध्याय ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार को वह कुठौंद थाना के भदेख निवासी भांजे सुधीर दीक्षित व भतीजे अनिल के साथ दो बाइक से दामाद शिवम पांडेय के घर आ रहे थे। रास्ते में कार सवारों ने उनका पीछा किया। घर पर पहुंचने के कुछ देर बाद धरमपुरा निवासी पवन कुमार व माधौगढ़ जालौन निवासी प्रिंस द्विवेदी व दो अन्य लोग घर में घुस आए।
आरोप लगाया कि पवन कुमार ने एडीजीपी बलराम कुमार से समझौता न करवाने की बात कह उसके सीने पर तमंचा रखकर मारपीट की। साथ ही भविष्य में एडीजीपी की मदद करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उनका दामाद शिवम व उनके पिता दूसरे घर में मवेशियों का काम कर रहे थे जबकि बेटी आकांक्षा चाय बनाने के लिए गई थी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-
शराबियों को समझाने पहुंचे दंपती को पीटा, रिपोर्ट
अयाना। थाना क्षेत्र के मुढ़ी रसूलपुर निवासी गौरव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 16 सितंबर की शाम को वह खेतों पर मवेशी देखने गया था। रास्ते में गांव के अमरजीत, ओमप्रकाश, विमलेश व संजू शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे थे। बीच-बचाव करने पर आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगे। बचाने आई पत्नी साधना देवी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)
0000000000000000000
परिजन देखते रहे रामलीला, घर में घुस गए चोर
फोटो-18एयूआरपी21- कमरे में खुला पड़ा संदूक। संवाद
- नकद और जमीन में गढ़े जेवर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। अछल्दा थाना क्षेत्र के घसारा में परिजन रामलीला देखने चले गए। तभी चोरों ने घर में घुसकर नकदी व जमीन में गढ़े जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
गांव निवासी संतोष कुमार कठेरिया पुत्र रामदुलारे कठेरिया ने तहरीर में बताया कि बुधवार रात पूरा परिवार रामलीला देखने गया था। गुरुवार सुबह जब वह घर लौटे तो छत के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। कमरे के अंदर जाकर देखा तो बक्से का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि बक्से में रखे भैंस बिक्री के 80 हजार रुपये नकद, बक्से के नीचे जमीन में गढ़े जेवरात कंधनी व पायल चोरों ने खोदकर निकाल लिए।
चौकी इंचार्ज हेमंत कुमार व थाना प्रभारी पंकज मिश्रा मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरी की घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा। वहीं अजीतमल क्षेत्र के मुरादगंज चौकी के लक्ष्मण की मढै़या में बीती रात चोरों ने गांव निवासी संजय के घर से सामान चोरी कर लिया। संजय ने बताया कि रात में सब लोग घर के अंदर सो रहे थे। चोर पीछे के दरवाजे से घुस आए। अलमारी व संदूक का ताला तोड़कर, नकदी व सामान चोरी कर ले गए। जब सुबह उठे तो ताले टूटे व सामान बिखरा पड़ा था। चौकी प्रभारी मुरादगंज आनंद शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।
फर्जी बेटा-बेटी दिखाकर जमीन हड़पने के प्रयास में रिपोर्ट
- ससुराल व सचिव पर महिला ने लगाया था आरोप
- एसपी के निर्देश पर की गई है कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अजीतमल। फर्जी बेटा-बेटी दिखाकर जमीन हड़पने के आरोप में महिला ने सचिव समेत 13 ससुरालीजन पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला एसपी के निर्देश पर दर्ज किया गया कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर की कमलेश कुमारी के पति वीरेंद्र की वर्ष 2021 में मौत हो गई थी। उनकी इकलौती बेटी किरन देवी की भी ससुराल में मौत हो गई थी। ऐसे में ससुराल पक्ष के लोग उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया था। अब पति की जमीन व संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए। अब आरोपी जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने आरोप लगाते हुए बताया कि गोपाल सिंह ने 25 जनवरी 1998 को अपंजीकृत फर्जी वसीयत बनवाकर उसे असली बताकर राजस्व न्यायालय में वाद दायर किया था जो 12 जुलाई 2023 को साक्ष्य के अभाव में निरस्त कर दिया गया।
कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी ने बताया कि महिला की तहरीर पर गांव रामनगर निवासी आशा राम, गोपाल, राजवीर, हरनाम सिंह, सत्येन्द्र सिंह, इन्द्रपाल, जयपाल, गुड्डी देवी, शिवपूजन, सोनू, पप्पू व तत्कालीन पंचायत सचिव ग्राम पंचायत मलगवां जनमेजय सिंह यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।