दिबियापुर। गांव से जा रही बरात को देखने गए गांव नौगवां निवासी दो किशोर अचानक गायब हो गए। इससे परिजन परेशान हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरों की तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच की।
शनिवार देर शाम तकरीबन सात बजे गांव नौगवां से एक युवक की बरात निकल रही थी। इस दौरान ढोल नगाड़े बज रहे थे। गांव के देवेंद्र कुमार का 13 वर्षीय बेटा गोलू उर्फ अभिषेक व हेतराम का 12 वर्षीय बेटा हल्लो गांव से निकल रही बारात देखने के लिए चले गए, लेकिन काफी देर बाद भी जब दोनों किशोर वापस नहीं लौटे। इससे परिजनों में खलबली मच गई।
किशोरों की पूरे गांव में तलाश की गई। पूरी रात गांव के आसपास भी ढूंढ़ा गया, लेकिन किशोर नहीं मिले। ग्रामीणों के अनुसार गोलू उर्फ अभिषेक 15 दिन पहले अचानक गायब हो गया था। 27 अप्रैल को कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद में मिला था। तब किशोर ने बताया था कि उसे बाइक सवार लोग अपने साथ ले गए थे। इस बार दो किशोरों के गायब होने से गांव में खलबली है।
गोलू के पिता दिल्ली में ऑटो चलाते हैं, जबकि मां का इसी वर्ष देहांत हो चुका है। वह अपने चाचा के पास रहता है। गोलू कक्षा चार में पढ़ता है जबकि दूसरा किशोर हल्लो कम बोल पाता है। उसके पिता का देहांत हो चुका है। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने गांव पहुंचकर पड़ोसियों एवं ग्रामीणों से गायब किशोरों के बारे में पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि गोलू के चाचा अनिल कुमार की तहरीर पर गायब किशोरों की गुमशुदगी दर्ज कर उन्हें ढूंढ़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।