औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग की जांच में प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई।
गंभीर लापरवाही और अनियमितताओं के चलते एक महिला प्रधानाध्यापक व एक प्रभारी महिला प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया है। मामला जनवरी में किए गए निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने का है, जिसका दोनों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
डायट प्राचार्य डॉ. जीएस राजपूत ने सहार ब्लॉक के कैलेसी प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान स्कूल की हालात बेहद खराब मिले। विद्यालय में मिडडे मील योजना भी कागजों तक सीमित नजर आई। बच्चों को रोज एक जैसा खाना दिया जा रहा था, जबकि दूध और अन्य पोषण सामग्री का वितरण नहीं किया जा रहा था।
जांच में पता चला कि एक शिक्षक 29 जनवरी को स्कूल नहीं आए लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर दर्ज मिले। प्रभारी महिला प्रधानाध्यापक आकांक्षा की हाजिरी भी किसी और द्वारा लगाई मिली। इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसके अलावा 31 जनवरी को बीएसए संजीव कुमार ने गोहना प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया।
उस दौरान महिला प्रधानाध्यापक हेमलता बिना सूचना अनुपस्थित मिली थीं। उनसे भी स्पष्टीकरण तलब किया गया था। दोनों इसका संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाईं, जिस पर बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया। बीएसए संजीव कुमार ने बताया लापरवाही पर दोनों को निलंबित किया गया है। आगे भी निरीक्षण जारी रहेंगे।