औरैया। कन्हो कंपोजिट स्कूल में छह अक्तूबर को छुट्टी के बाद एक बालिका स्कूल के कमरे में ही बंद रह गई थी। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिकंजा कसा है। प्रधानाध्याक व एक सहायक को निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध किया गया है। वहीं आठ अन्य मास्टरों पर विभागीय कार्रवाई की गई है।
कंपोजिट स्कूल कन्हो में छह अक्तूबर को शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई थी। पढ़ाई के बाद शिक्षक स्कूल में ताला बंद कर घर चले गए थे जबकि एक बालिका स्कूल के कमरे में ही बंद छोड़ गए थे। आते-जाते ग्रामीणों की नजर पड़ी तो रोती हुई बालिका का खिड़की से झांकते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग में खलबली मच गई थी। बीएसए संजीव कुमार ने स्कूल में तैनात शिक्षकों नोटिस जारी करते हुए बीईओ से प्राथमिक जांच के निर्देश दिए थे। लापरवाही की पुष्टि होने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक ऊषा कुमारी व सहायक अध्यापक रामचंद्र को निलंबित कर दिया है।
वहीं, सहायक अध्यापक कामिनी विश्नोई, ओमचंद्र पोरवाल, अर्चना देवी, अनुपम, प्रशांत गुप्ता,नारायण प्रताप, नमित शुक्ला व शिक्षामित्र प्रवेश कुमारी पर विभागीय कार्रवाई की है। वहीं, दो बीईओ को इस मामले की विस्तृत जांच सौंपी है। बता दें कि कंपोजिट विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापक ऊषा कुमारी ने बताया था कि बालिका का स्कूल में नाम नहीं लिखा है। वह स्कूल में पढ़ने वाले अपने घर के बच्चों के साथ आई थी। उसके सो जाने के कारण स्टाफ नहीं देख पाया और वह स्कूल में रह गई थी। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि दो शिक्षकों को निलंबित किया गया है। वहीं आठ पर विभागीय कार्रवाई की गई है। बीईओ की टीम विस्तृत जांच कर रही है।