अटसू। विद्युत उपकेंद्र अटसू के गांव सांफर में बृहस्पतिवार रात तेज हवा व बारिश से बिजली के दो खंभे सड़क पर गिर गए।
इससे करीब 30 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। खंभे सड़क पर गिरने से रास्ता भी अवरुद्ध हो गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि आपूर्ति बाधित होने से लोगों को उमस भरी गर्मी के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। पूरी रात और दिनभर बिजली नहीं आई। इससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द नए खंभे लगाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
उधर, अवर अभियंता अमित कुमार ने बताया कि टूटे हुए खंभे हटाने और नए खंभे लगाने के लिए औरैया से हाइड्रा मशीन मंगाई गई है। हाइड्रा के पहुंचते ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।