औरैया। अछल्दा थाने के मुख्य आरक्षी धीरज व आरक्षी विनोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। दोनों थानाध्यक्ष के हमराही हैं।पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद एसपी अभिषेक भारती ने बड़ी कार्रवाई की है।
बुधवार को अजीतमल कोतवाली में तैनात अजय नायक को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। अजय पर लापरवाही बरतने के आरोप में गाज गिरी है। वहीं अछल्दा थाने के मुख्य आरक्षी धीरज कुमार और सिपाही विनोद कुमार को निलंबित कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक दोनों का मिट्टी खनन को लेकर एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच के आदेश दिए थे। सीओ की रिपोर्ट के बाद उन पर कार्रवाई की गई है।
इससे पहले, यूपी-112 में तैनात सिपाही अभिषेक यादव की हरकत ने महकमे को शर्मसार कर दिया। तीन दिन पहले सिपाही ड्यूटी से गायब था, जब उसकी तलाश की गई, तो वह अपने कमरे में मिला। बताया जा रहा है कि सिपाही नशे की हालत में था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की गई। उसके पास से सरकारी बाइक व पिस्टल भी थी। मामले की सूचना लखनऊ तक पहुंचने के बाद यूपी-112 के प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र सोलंकी ने जांच की। जांच रिपोर्ट के बाद लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई।
-
सहायल थाने के सिपाही का हुआ तबादला
एसपी ने सहायल थाने में तैनात सिपाही श्यामजी का तबादला करते हुए उन्हें सीओ कार्यालय भेज दिया। लगातार हो रही इस कार्रवाई के बाद से पुलिसकर्मियों में खलबली मची है। एसपी अभिषेक भारती ने कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।