औरैया। एरवाकटरा थाना पुलिस ने रविवार को घेराबंदी कर दो शातिर गोतस्कर मैनपुरी के करहल निवासी अंकित और अजीतमल निवासी नीरज को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अंकित पर 25 हजार रुपये का इनाम भी है, जबकि दूसरा शातिर अपराधी है, उस पर गैंगस्टर समेत 12 से अधिक गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
एसपी अभिषेक भारती के निर्देश पर एरवाकटरा थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी, उपनिरीक्षक हरिहर सिंह फोर्स के साथ संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान टीम को गोतस्करी के आरोपियों के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम गांव नगला दौलत अंडरपास के पास सर्विस रोड पर पहुंचे।
वहां घेराबंदी कर मैनपुरी स्थित थाना करहल के गांव नगला अलाई निवासी अंकित व अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव भीखेपुर निवासी नीरज कुमार को दबोचा लिया। अंकित पर 25 हजार का इनाम था। उसके खिलाफ मैनपुरी और औरैया में गोवध व अन्य धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। वहीं नीरज कुमार के खिलाफ औरैया और कानपुर देहात के थानों में गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट समेत 13 गंभीर मामले में दर्ज हैं। (संवाद)