रुरुगंज। कुदरकोट थाना क्षेत्र के एक मैरिज हॉल में सोमवार शाम एक शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ बारात में शामिल होने आए लोगों के बीच कुछ लोगों से कहासुनी होने लगी। दोनों पक्षों में तकरार इतनी बढ़ी कि मारपीट शुरू हो गई। इसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला लालजू निवासी गोलू यादव पुत्र जयवीर सिंह ने बताया कि सोमवार शाम वह अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने कुदरकोट गांव स्थित विद्यावती मैरिज हॉल आए थे। इसी दौरान मैरिज हॉल के अंदर रखे गमले को हटाने को लेकर बारात में शामिल कुछ लोगो ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। डंडों से पीटते हुए नुकीले हथियार से हमला कर दिया।
बीच-बचाव के दौरान अमित कुमार, सुखवीर सिंह, कमलकांत, गुड्डू व अंकुश को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को इलाज के लिए एरवाकटरा सीएचसी ले गई। जहां से घायल गोलू यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार रात घटनास्थल पर पहुंचे सीओ अशोक कुमार ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। वहीं मैरिज हॉल संचालक से पूछताछ व सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-