बिधूना। थाना बेला क्षेत्र के गांव कैथावा के मजरा सिंह पुरवा में बिजली विभाग की लापरवाही से दो नीलगायों की माैत हो गई। दोनों मवेशी सोमवार सुबह लटक रही एचटी लाइन की चपेट में आ गए थे।
यहां बिजली के तार ढीले होकर लटक गए हैं। ग्रामीणों में आक्रोश है कि बिजली विभाग इन तारों को कस नहीं रहा है। जिसके चलते हादसा हो गया।
कैथावा में बिजली विभाग का सब स्टेशन है। यहां से नूरपुर गांव के लिए एचटी लाइन गुजरी है। इस लाइन के लिए जिन पोलों को लगाया गया है, उनके बीच दूरी बहुत ज्यादा है। ज्यादा दूरी होने से सिंहपुरवा गांव के पास खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के तार जमीन से महज ढाई से तीन फीट की ऊंचाई पर लटक रहे हैं।
सिंहपुरवा के किसान सतीश चंद्र के खेत के ऊपर से निकले इन्हीं तारों की चपेट में दोनों नीलगाय आ गईं। ऐसे में इधर जानवर चराने आने वाले बच्चों के साथ हादसा होने की चिंता ग्रामीणों को सताती रहती है। ग्रामीणों की मांग है कि मानक के अनुसार तारों को ऊपर किया जाए। ग्रामीणों ने नीलगायों की मौत की जानकारी पुलिस व प्रधान पति अरविंद दोहरे को दी।
पुलिस ने बिजली विभाग के एसडीओ व जेई को दी। ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए मौके पर पहुंचे जेई ने तत्काल पोल लगाकर लाइन को ऊंचा कराने की बात कही। इसके बाद पास में ही स्थित जंगल में जेसीबी से गड्ढा खोदकर मृत नीलगायों को दफना दिया गया।