गुरुवार को पटना बेला निवासी सचिन कुमार, पत्नी नेहा और 18 माह के बेटे रोहन और सात माह के सोहन समेत परिजनों के साथ एरवाकटरा क्षेत्र के दोबा गांव में छोटे बेटे का मुंडन कराने पहुंचे थे। मुंडन संस्कार के बाद अधिकांश रिश्तेदार लौट गए, जबकि सचिन अपने परिवार के साथ नगला कहारन थाना ऐरवा कटरा स्थित साढ़ू के घर रुक गया।
शुक्रवार सुबह अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि खांसी बढ़ने पर परिजनों ने दोनों को कफ सिरप पिलाया, जिसके बाद उनकी हालत और भी गंभीर हो गई। आनन-फानन में बच्चों को लगभग 4:20 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लाया गया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद 18 माह लगभग के रोहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सात माह के सोहन की हालत नाज़ुक देखते हुए उसे तत्काल सैफई मेडिकल विश्वविद्यालय रेफर कर दिया। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। परिजनों ने रोहन के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव को पैतृक गांव पटना बेला ले गए। पुलिस मामले की जानकारी के बाद स्थिति पर नजर बनाए हुए है।