बिधूना। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बराहार के मजरा सोहनी स्थित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल के बाहर दो गोवंशों के शव मिलने से बुधवार को खलबली मच गई। ग्रामीणों ने शवों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसके बाद सरकारी अमला हरकत में आया। दोनों शवों के पोस्टमार्टम कराते हुए दफनाया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सेवादारों की उदासीनता और प्रधान-सचिव की लापरवाही के कारण गौशाला की स्थिति बिगड़ी हुई है। इस मामले पर सचिव प्रवीण कुमार ने बताया कि एक गोवंश की तीन दिन पहले बीमारी से मौत हुई थी जिसे दफनाया गया था लेकिन बारिश के बाद शव गड्ढे से बाहर आ गए। बाद में उसे दोबारा दफनाया गया है। इसके अलावा एक अन्य गोवंश की भी कल मौत हुई। इसका पोस्टमार्टम कराते हुए दफना दिया गया है। वर्तमान में दो गोवंशों की ही मौत हुई है बाकी सभी मवेशी स्वस्थ हैं। बीडीओ बिधूना रामदुलार ने बताया कि गोशाला में लगातार निरीक्षण किया जाता है। देखरेख ठीक ढंग से की जा रही है। आरोप निराधार हैं।